सर्दियों में कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका के बीच रेलवे ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रेलवे बोर्ड के सदस्य, क्षेत्रीय रेलवे के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और अन्य अधिकारी शामिल हुए। रेल मंत्रालय के अनुसार, बैठक में कोहरे के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपायों और परिचालन तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई।

अधिकारियों को रेलवे ट्रैक की नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और जरूरत के अनुसार फॉग सेफ्टी डिवाइस तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिग्नल, लेवल क्रॉसिंग और ट्रैक किनारे लगे संकेतक बोर्डों की दृश्यता बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में निर्देश दिया गया कि कोहरे में ड्यूटी करने वाले रेलकर्मियों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों और सतर्कता के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जाए। ट्रेनों में आग और धुएं का पता लगाने वाले उपकरणों की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखने को कहा गया। पेंट्री कारों में लगे फायर और स्मोक डिटेक्शन सिस्टम की नियमित जांच भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।