रामपुर के स्वार क्षेत्र के गांव गोविंदपुरा निवासी 24 वर्षीय आसिफ अली ने शुक्रवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे एसबीआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक दिन पहले गुरुवार को मुरादाबाद से आई एटीएस की टीम उसे पूछताछ के लिए साथ ले गई थी और शाम को छोड़ दिया गया था। इसके बाद से वह घबराया हुआ था।

मृतक की मां भूरी और चाचा अहमद हसन का आरोप है कि पूछताछ के दौरान आसिफ को धमकाया गया, जिससे उसके मन में डर बैठ गया। हालांकि, परिवार के लोगों को यह जानकारी नहीं है कि उससे किस मामले में पूछताछ की गई थी। गांव में चर्चा है कि आसिफ का इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से संपर्क था और इसी संबंध में एटीएस ने उससे पूछताछ की थी।

बताया जाता है कि आसिफ अपने भाइयों के साथ राजस्थान के पाली क्षेत्र में रहकर सिलाई का काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही गांव आया था। उसके पिता मुहम्मद अहमद की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी थी। परिवार में मां भूरी और छह बच्चे हैं।

स्वार पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। क्राइम इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या की सूचना पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।