भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 नवंबर को एटीएम और पॉइंट-ऑफ-सेल (PoS) टर्मिनल से नकद निकासी से जुड़े सभी निर्देशों को एक 'मास्टर डायरेक्शन' में एकीकृत कर दिया है। इसके साथ 2008 से 2022 के बीच जारी किए गए 17 पुराने सर्कुलर रद्द कर दिए गए हैं। नए निर्देश तुरंत प्रभाव से लागू हैं और सभी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों, अथॉराइज्ड पेमेंट सिस्टम प्रोवाइडर्स और सिस्टम पार्टिसिपेंट्स पर लागू होंगे।

RBI के अनुसार, बैंकों को ग्राहकों को बताना होगा कि उन्होंने महीने में कितने मुफ्त एटीएम ट्रांजैक्शन कर लिए हैं और इसके बाद होने वाली निकासी पर कितना शुल्क लगेगा। एटीएम चलाने वाले बैंकों को ऑन-स्क्रीन मैसेज, स्टिकर या पोस्टर के जरिए यह भी स्पष्ट करना होगा कि एटीएम मेट्रो इलाके में है या नॉन-मेट्रो इलाके में, ताकि ग्राहक अपनी मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा समझ सकें। बैंकों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनके डेटाबेस में एटीएम की लोकेशन की जानकारी सही और अपडेटेड रहे।

मौजूदा मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सेविंग अकाउंट धारक अपने बैंक के एटीएम से हर महीने 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन (फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों) कर सकते हैं। अन्य बैंकों के एटीएम पर मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन मिलते हैं, लेकिन दोनों तरह के एटीएम इस्तेमाल करने पर कुल सीमा 5 ही रहेगी। तय सीमा से अधिक ट्रांजैक्शन पर प्रति ट्रांजैक्शन 23 रुपये से ज्यादा शुल्क नहीं लिया जा सकता, जिसमें लागू टैक्स अलग से जुड़ेंगे।

RBI ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी समस्याओं या कैश न होने की वजह से विफल हुए ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की गलती से विफल हुए लेनदेन पर भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। बैंकों को एटीएम पर अधिकतम कैश विदड्रॉल लिमिट, मुफ्त लेनदेन और लागू शुल्क की जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में देनी होगी। PoS कैश विदड्रॉल में अब UPI को भी शामिल किया गया है, जिसके तहत डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स और UPI के जरिए निकासी की जा सकेगी। प्रति ट्रांजैक्शन सीमा 2,000 रुपये और कुल मासिक सीमा 10,000 रुपये है, जबकि शुल्क लेनदेन राशि के 1 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता। शिकायतों के निवारण के लिए बैंक और PPI इश्यूअर्स RBI इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम का पालन करेंगे।