बिहार में कार्तिक महीने में मनाए जाने वाले सामा-चकेवा पर्व पर महिलाएं एक विशेष लोक नृत्य करती हैं, जिसे सामा-चकेवा नृत्य कहा जाता है। यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव है और इस नृत्य के जरिए सामा-चकेवा से जुड़ी पौराणिक कहानी को नाटक के रूप में पेश किया जाता है। लोकगीतों के जरिए इस पर्व की कहानी सुनाई जाती है। एक कथा के अनुसार, भगवान कृष्ण ने अपनी बेटी सामा को पक्षी बनने का श्राप दिया था, लेकिन भाई चकेवा के प्रेम और संघर्ष से वह फिर से इंसान बन जाती है। इसी कहानी को इस नृत्य में प्रस्तुत किया जाता है।
इस पर्व से जुड़े कई लोकगीत भी हैं, जिन पर महिलाएं नृत्य करती हैं। इस नृत्य में बहनें मिट्टी से सामा और चकेवा की पक्षी जैसी मूर्तियां बनाती हैं। ये मूर्तियां सामा-चकेवा की कहानी के साथ-साथ सर्दी के मौसम में बिहार की ओर आने वाले प्रवासी पक्षियों का भी प्रतीक होती हैं।
सामा-चकेवा नृत्य सिर्फ महिलाएं ही करती हैं। इस नृत्य की खासियत है कि इसमें कोई तय स्टेप्स नहीं होते। गीतों में आई कहानी या भाव के मुताबिक महिलाएं डांस स्टेप्स करती हैं। महिलाएं अपने हाव-भाव, नाटक और डांस स्टेप्स के जरिए सामा-चकेवा की कहानी सुनाती हैं। महिलाएं एक समूह में सज-धजकर इकट्ठा होती हैं और साथ मिलकर सामा-चकेवा बनाते हुए गीत गाती हैं और नृत्य करती हैं।
