समस्तीपुर के हसनपुर थाना क्षेत्र के कसिया गांव में शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर कथित तौर पर पथराव किया गया। इस घटना में एएसआई जितेंद्र कुमार के सिर में चोट आई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया और बरामद शराब को जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव में छापेमारी के लिए पहुंची थी। इस दौरान धंधे से जुड़े कुछ युवक वीडियो बनाने लगे और पुलिस के साथ अभद्रता की। पुलिस के न हटने पर अन्य लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एएसआई जितेंद्र कुमार घायल हो गए।

सूचना मिलने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस मौके पर पहुंची और सघन छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों में रौशन कुमार, वीरेंद्र कुमार (पिता मुरली यादव) और सुजीत कुमार साह (पिता बतहु साह) शामिल हैं। तीनों कसिया गांव के वार्ड 7 के निवासी बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि करीब चार लोगों ने पत्थरबाजी की, जिसमें एक एएसआई चोटिल हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली है।