नई दिल्ली। शकूरपुर के सुभाष प्लेस इलाके में करीब 12 घंटे के भीतर दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पहले मामले में एक नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़ा है, जबकि दूसरे मामले में छह आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे शकूरपुर गांव में नौशाद (17) की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नौशाद की बहन से एक शख्स की दोस्ती थी, जिसको लेकर नौशाद और उस युवक के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी मामले में नौशाद की हत्या की गई। पुलिस ने इस सिलसिले में अतीकुर रहमान (21) और दो नाबालिगों को पकड़ा है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

दूसरी वारदात रात करीब एक बजे जेजे कॉलोनी जी-ब्लॉक रोड पर हुई। शकूरपुर निवासी योगेश (28) शादी समारोह से लौटने के बाद दोस्तों के साथ खड़े थे। इसी दौरान कार सवार छह लोगों से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने को लेकर कहासुनी हो गई। कार सवार आगे निकल गए, लेकिन कुछ दूरी से यूटर्न लेकर वापस आए। आरोप है कि उनमें से एक शख्स ने चाबी के छल्ले में लगा छोटा चाकू निकालकर योगेश की गर्दन पर कई वार किए, जिससे गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। योगेश और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे और एक ही इलाके में रहते थे।

पुलिस ने बाद में मोहित उर्फ ममेोनी (24), अभिषेक उर्फ अबली (28), साहिल (29), शशांक (24), अंकित (26) और वरुण (26) को गिरफ्तार कर लिया। मोहित उर्फ मोनी पर पहले से तीन, अभिषेक उर्फ अबली पर एक और शशांक पर भी एक मामला दर्ज है। योगेश सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और परिवार की आर्थिक मदद के लिए पढ़ाई के साथ स्कूल वैन भी चलाते थे।