फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने गुरुवार रात वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी। सेवायतों ने उन्हें ठाकुरजी का प्रसाद, अंगवस्त्र, माला और मुरली भेंट की।

संवाद सहयोगी के अनुसार, शिल्पा शेट्टी गुरुवार की देर शाम लगभग साढ़े सात बजे कड़ी सुरक्षा घेरे में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने आराध्य के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर में दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं की नजर जैसे ही अभिनेत्री पर पड़ी, वे उनकी ओर पहुंचने की कोशिश करने लगे, लेकिन रेलिंग के घेरे ने उनके कदम रोक दिए। इसके बावजूद भीड़ को संभालना पुलिस के लिए चुनौती बना रहा। सेवायतों ने शिल्पा शेट्टी को ठाकुरजी का प्रसादी अंगवस्त्र, माला और मुरली भेंट की।

इस बीच, उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी अपने दो दिवसीय ब्रज भ्रमण पर शुक्रवार देर शाम गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में गिरिराज जी के दर्शन किए और विविध भोग समर्पित कर सेवा अर्चना की। आगरा से शाम करीब सात बजे गोवर्धन पहुंचे अनंत अंबानी सबसे पहले गंगाधाम आश्रम गए, जहां नाथद्वारा के तिलकायत गोस्वामी विशाल बाबा ने उनका स्वागत किया। आश्रम में कुछ समय रुकने के बाद उन्होंने विशाल बाबा के सानिध्य में पैदल ही जतीपुरा मुखारविंद गिरिराजजी मंदिर तक की दूरी तय की।