राजधानी शिमला के खलीणी में प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना की अनुमानित लागत करीब चार साल में दोगुनी से अधिक होकर 35 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गई है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तैयार इस प्रोजेक्ट के लिए शुरुआत में करीब 17 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था। बढ़ती लागत के कारण परियोजना अभी नए बजट की मंजूरी का इंतजार कर रही है और बजट स्वीकृत न होने तक नई टेंडर प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो सकती।
खलीणी से टालैंड तक बनने वाले इस 220 मीटर लंबे फ्लाईओवर को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खलीणी चौक और आसपास के इलाके में सुबह-शाम वाहनों का भारी दबाव रहता है, क्योंकि यहां से न्यू शिमला, विकासनगर, मलयाना और चमियाणा सहित कई क्षेत्रों के लिए आवाजाही होती है। पीक आवर्स में लंबी कतारें लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है, और फ्लाईओवर बनने से जाम में राहत की उम्मीद है।
बढ़ती लागत को देखते हुए हाल ही में हुई निदेशक मंडल (बीओडी) की बैठक में मौजूदा परिस्थितियों और निर्माण लागत के हिसाब से नया बजट तैयार करने को मंजूरी दी गई थी, लेकिन बैठक के बाद अभी अगली प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। नया बजट स्वीकृत होने के बाद ही परियोजना को आगे बढ़ाने और नए सिरे से टेंडर आमंत्रित करने का रास्ता साफ होगा। इसी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत रेलवे स्टेशन के पास बन रहे फ्लाईओवर का 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि खलीणी फ्लाईओवर परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है और नए बजट सहित जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाना है और नगर निगम की कोशिश रहेगी कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी हों, ताकि लोगों को समय पर सुविधा मिल सके।
