सिद्धार्थनगर के गौरजीत आम को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लखनऊ स्थित सीएचआईएस ने सिद्धार्थनगर और बस्ती समेत कई जिलों से गौरजीत आम के जीआई टैग के लिए आवेदन मांगा है। उद्यान विभाग ने प्रजाति से जुड़ा विस्तृत विवरण और किसानों की जानकारी जुटाकर प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी है। जिले के 21 किसानों की सूची निदेशालय को भेजी गई है।

जिले के बढ़नी, लोटन, नौगढ़, शोहरतगढ़, मिठवल, खेसरहा और बर्डपुर विकासखंडों में गौरजीत आम की बागवानी प्रमुखता से होती है। करीब 1500 एकड़ क्षेत्रफल में इसके बाग फैले हैं। मिठास, सुगंध, स्वाद और अगेती पैदावार इस आम को अन्य किस्मों से अलग बनाती है। मौसम अनुकूल रहने पर जून के दूसरे सप्ताह से इसकी आवक शुरू हो जाती है, जबकि दशहरी आम बाद में बाजार में पहुंचता है। इससे शुरुआती बाजार में इसकी मांग और अच्छा मूल्य मिलने की संभावना रहती है।

कृषि विज्ञानी प्रवीण मिश्रा, सोहना के अनुसार गौरजीत को जीआई टैग मिलने से इसकी पहचान कालानमक की तरह महत्वपूर्ण हो सकती है। जीआई टैग मिलने के बाद दूसरे क्षेत्रों के उत्पादक गौरजीत के नाम पर अपना आम नहीं बेच सकेंगे, जिससे प्रजाति की शुद्धता और क्षेत्रीय पहचान सुरक्षित रहेगी। उत्पाद की विपणन प्रक्रिया भी आसान होगी और खरीदारों के बीच भरोसा बढ़ेगा।

जीआई टैग मिलने से गौरजीत आम की पहचान केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं रहेगी। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी ब्रांडिंग, मांग और मूल्य बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी। इससे बागवानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा और गौरजीत की खेती आर्थिक रूप से अधिक लाभकारी बन सकती है।