सोनभद्र के चुर्क-गुरमा नगर पंचायत में आठ सभासदों ने अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और अवर अभियंता पर मनमानी और विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। सभासदों ने गुरुवार को जिलाधिकारी को संबोधित सामूहिक त्यागपत्र सौंपा और पद से मुक्त करने की मांग की।
सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत में विकास का दावा कागजों तक सीमित है। वार्डों में जरूरी काम नहीं कराए जा रहे, लेकिन अभिलेखों में कार्य पूर्ण दिखाकर सरकारी धन निकालने का खेल चल रहा है। उनके मुताबिक, अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाने और विकास कार्यों की मांग करने के बावजूद उनकी आवाज अनसुनी की जा रही है। अध्यक्ष, ईओ और जेई की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
त्यागपत्र देने वालों में वार्ड एक के सूरज चंद्रवंशी, वार्ड दो की ऊषा देवी, वार्ड तीन के रूपेश कुमार, वार्ड छह के अजय सिंह, वार्ड सात के विशाल सिंह, वार्ड आठ की पार्वती देवी, वार्ड नौ के अशफाक कुरैशी और वार्ड 10 की आरती देवी शामिल हैं। सभासदों ने डीएम से त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है और चेतावनी दी है कि प्रशासन ने उनकी मांग पर निर्णय नहीं लिया तो मामला मंडलायुक्त के समक्ष उठाया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा देवी ने सभासदों के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि सभी सभासदों से बात की जाएगी।
