राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले की पिछली सुनवाई 15 अक्टूबर को हुई थी, जिसमें कोर्ट ने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं को नोटिस जारी किया था।

सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा था कि कोई भी अदालत को डरा-धमकाकर दबाव में नहीं ला सकता। ऐसी कोशिशें बेकार हैं और इन पर कोई ध्यान नहीं देता। उन्होंने कहा था कि अदालत को पता है कि कोर्ट के बाहर और अंदर क्या कहा जा रहा है और वह किसी काल्पनिक दुनिया में नहीं जी रही।

सुप्रीम कोर्ट मार्च के खिलाफ 4 वकीलों ने याचिका दाखिल की है। बता दें कि 11 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने CJI सूर्यकांत को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था, जिसे CJI ने मना कर दिया था। इसके बाद 12 अक्टूबर की शाम राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, खड़गे और अन्य विपक्षी सांसद अचानक सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंच गए। इससे पहले सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था और फिर कोर्ट के अंदर जाकर SIR के खिलाफ याचिका दाखिल की थी।