उत्तर प्रदेश में सर्दी की शुरुआत के साथ मौसम विभाग ने 20 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार से घना कोहरा छा सकता है, जिससे सुबह के समय वातावरण में धुंध की परत बनी रह सकती है। दृश्यता कम होने के साथ सुबह की धूप भी प्रभावित हो सकती है। कोहरे का असर सुबह और रात के समय अधिक दिखाई दे सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी जिलों में घने कोहरे के कारण सुबह और रात को दृश्यता 100-200 मीटर तक रह सकती है। राजधानी लखनऊ में मध्यम कोहरे के चलते दृश्यता 200 मीटर तक पहुंच सकती है। रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 75 प्रतिशत और न्यूनतम 42 प्रतिशत रही।
हरदोई एक बार फिर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम पारा 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या में 13.0, कानपुर शहर में 13.4, मेरठ में 12.1, नजीबाबाद में 12.4 और बरेली में 12.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे अयोध्या, बहराइच और सुल्तानपुर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के आसार जताए हैं। वहीं बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, रामपुर और शाहजहांपुर में भी कोहरे का अलर्ट है। रात के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है और सुबह व शाम की ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने सुबह और रात में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
