उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिये राज्य में सिविल जज के कुल 365 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर, 2026 है, जबकि फॉर्म में सुधार की अंतिम तिथि 28 दिसंबर, 2026 निर्धारित है।
आयु सीमा की बात करें तो 01 जुलाई, 2026 के आधार पर उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 22 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसका अर्थ है कि उम्मीदवारों का जन्म 02 जुलाई, 1992 से पूर्व और 01 जुलाई, 2005 के बाद का नहीं होना चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु-सीमा में कुछ वर्षों की छूट दी जाएगी।
भर्ती के लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करना अनिवार्य है। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 125 रुपये तथा एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए 65 रुपये निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों और चरणों की मदद से अपना फॉर्म भर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
