बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक यात्री को परोसे गए वड़े में लोहे का बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने 27 नवंबर को सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत की थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने कैटरिंग कंपनी एक्सप्रेस फूड सर्विसेज पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, घटना के बाद IRCTC ने संबंधित कंपनी को खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। किचन की निगरानी के लिए नियुक्त सुपरवाइजर को खाना बनाने से पहले सभी मशीनों की अच्छी तरह जांच करने को कहा गया है। जांच के फोटो और वीडियो तय किए गए वॉट्सऐप ग्रुप में भेजने होंगे। इसके अलावा, कैटरिंग कंपनी को दूसरे किचन से स्नैक्स मंगाने की सलाह दी गई है।

संबंधित क्षेत्र के अधिकारी को भी समय-समय पर मशीनों और अन्य उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की खराबी मिलने पर उसे तुरंत ठीक कराना होगा।

वंदे भारत एक्सप्रेस भारत की पहली सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है, जिसे 'ट्रेन 18' के नाम से भी जाना जाता है। इसकी शुरुआत 15 फरवरी 2019 को नई दिल्ली से वाराणसी के बीच हुई थी। रेलवे के जुलाई 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल 164 वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं, जिनमें 162 वंदे भारत चेयर कार सेवाएं और 2 वंदे भारत स्लीपर सेवाएं शामिल हैं।