बाहरी दिल्ली के अशोक विहार थाना क्षेत्र के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में 45 वर्षीय जगदीश की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे सूचना मिली थी कि फैक्ट्री नंबर ए-134 के सामने एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची अशोक विहार थाना पुलिस ने घायल को फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान जगदीश (45 वर्ष) निवासी एसएस नगर, वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उसके गले और शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में अशोक विहार थाने में 21 नवंबर 2026 को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। मामले की आगे की जांच जारी है।