आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी को रविवार को बेंगलुरु में उनके भाई और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के येलहंका स्थित आवास पर जाने से पुलिस ने रोक दिया। पुलिस उपायुक्त जी के मिथुन कुमार ने कहा कि अदालत ने स्थायी निषेधाज्ञा जारी की है, जिसके तहत वह वहां नहीं जा सकतीं। आदेश दिखाए जाने के बाद शर्मिला वहां से चली गईं।
अधिकारियों ने शर्मिला को शहर के एयर फोर्स चौराहे पर रोका और अदालत के आदेश के बारे में समझाया। आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अमरावती में जारी बयान में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस से सवाल किया कि अपने आवास पर जाने में क्या गलत है। सूत्रों के अनुसार, देवनहल्ली के वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश की अदालत ने 21 नवंबर को अंतरिम निषेधाज्ञा जारी कर शर्मिला, उनके परिवार के सदस्यों, एजेंटों और प्रतिनिधियों को संपत्ति पर सिलिकॉन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के कब्जे में हस्तक्षेप करने से रोक दिया था। यह आदेश कंपनी की ओर से दायर मुकदमे के बाद आया, जिसमें दावा किया गया था कि वह पट्टा समझौते के तहत कानूनी रूप से संपत्ति पर काबिज है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शर्मिला ने बीते महीने जगन से बेंगलुरु स्थित आवास के इस्तेमाल की अनुमति मांगी थी, क्योंकि वह बेटी अंजलि की शादी का रिसेप्शन 25 अक्तूबर को करना चाहती थीं। जगन ने सुरक्षा और निजता का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि शर्मिला का मानना है कि येलहंका स्थित संपत्ति में उनका भी हिस्सा है।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि रविवार को शर्मिला और पुलिस के बीच करीब 20 मिनट तक बहस चली। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बेंगलुरु की प्रॉपर्टी में उनका भी हिस्सा है, लेकिन पुलिस नहीं मानी और अंत में उन्हें मां के साथ होटल जाना पड़ा। जगन और शर्मिला सालों से अलग हैं। 2021 में शर्मिला परिवार से अलग होकर हैदराबाद चली गईं थीं और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गईं थीं।
